November 29, 2026

मुंगेली में धूमधाम से मनाया गया श्री धनी धर्मदास साहब का प्रकट उत्सव 2026, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब,,

0
IMG-20261127-WA0017

मुंगेली में धूमधाम से मनाया गया श्री धनी धर्मदास साहब का प्रकट उत्सव 2026, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब,,

नीलकमल सिंह ठाकुर

मुंगेली- विश्व वंदनीय सतगुरु कबीर साहब के परम शिष्य सद्गुरु श्री धनी धर्मदास साहब का प्रकट उत्सव मुंगेली में बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम पंथ श्री प्रकाशमुनि नाम साहब के आशीर्वाद तथा पंथ श्री उदितमुनि नाम साहब के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर जिले सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से गुरु गोसाई परिवार, आमीन मंडली, महंतगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम का आयोजन देव प्लाजा के समीप भव्य टेंट एवं आकर्षक मंच की व्यवस्था के साथ किया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ निशान पूजा, दीप प्रज्ज्वलन, आरती एवं मंगल ध्वनि के साथ हुआ। इसके पश्चात मंचासीन गुरु गोसाई परिवारों की गुरु माताओं ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी मधुर भजन प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

इस अवसर पर मुंगेली के श्री सुफल गुरु गोसाई जी ने सद्गुरु श्री धनी धर्मदास साहब के जीवन चरित्र पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने उनके प्रकट होने से लेकर सतगुरु कबीर साहब से दीक्षा प्राप्त करने तथा अपनी 56 करोड़ की संपत्ति दान में समर्पित करने तक के प्रेरणादायी प्रसंगों का वर्णन किया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा एवं तन्मयता के साथ उनके विचारों को सुना।

कार्यक्रम में जिला कबीर पंथ समाज मुंगेली के अध्यक्ष एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री हेमेंद्र गुरु गोस्वामी द्वारा मंचासीन गुरु गोसाईजनों को श्रीफल एवं वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं गुरु माताओं को साड़ी भेंटकर उनका सम्मान किया गया।

इसके पश्चात श्री सद्गुरु कबीर धनी धर्मदास शाखा वंश गुरु गोसाई जनकल्याण समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सहभागिता में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में प्रदेश अध्यक्ष श्री क्षत्रपाल गुरु गोसाई, उपाध्यक्ष श्री कुशाल गुरु गोसाई, उपाध्यक्ष श्री चंद्रशेखर गुरु गोसाई, सचिव श्री कुलदीप गुरु गोसाई, कोषाध्यक्ष श्री लीलांस गुरु गोसाई, मीडिया प्रभारी श्री भास्कर गुरु गोसाई एवं श्री प्रशांत गुरु गोसाई सहित सलाहकार श्री त्रिभुवन गुरु गोसाई, श्री डाकवर गुरु गोसाई, श्री लालदास गुरु गोसाई एवं श्री टकेश्वर गुरु गोसाई समेत अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हजारों की संख्या में श्रद्धालु अपने-अपने वाहनों कार, पिकअप एवं ट्रैक्टरों में सवार होकर शोभायात्रा में शामिल हुए। सद्गुरु श्री धनी धर्मदास साहब के जयकारों से नगर का वातावरण गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा दाउपारा चौक, पुराना बस स्टैंड, पड़ाव चौक होते हुए बस स्टैंड स्थित कबीर कुटी पहुंची। इस दौरान नगर के प्रतिष्ठित नागरिक एवं पार्षद श्री रमेश ठाकुर तथा उनके सहयोगियों द्वारा पड़ाव चौक पर माला पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात स्टेडियम के समीप स्थित कबीर कुटी में पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। फिर शोभायात्रा निर्धारित मार्ग से वापस कार्यक्रम स्थल पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन-भंडारा एवं जलपान की समुचित व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में अनुयायियों एवं गुरु परिवारों ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।

इस आयोजन में प्रदेश से पहुंचे गोसाई समाज के वरिष्ठजनों में श्री तुलसी जी गोसाई, श्री धनी साहब गोसाई, श्री दिलीप दास गोसाई, श्री महिपाल गुरु गोसाई साहब, श्री रोशन साहब गोसाई, श्री दीपक गुरु गोसाई, श्री रज्जू गुरु गोसाई, श्री किरण गोसाई एवं श्री धर्मेंद्र गोसाई सहित अनेक गुरु गोसाई परिवारों की उपस्थिति रही। बहरमूड़ा से पहुंचे प्रेम प्रकाश गुरु गोसाई ने भी मंच साझा किया। वे पंथ श्री प्रकाशमुनि नाम साहब के छोटे अनुज हैं।

कार्यक्रम की सफल व्यवस्था में देव गुरु गोस्वामी, नवीन, हर्ष, प्रिंस, दक्ष, सीटू, शैलू सहित अनेक गोसाईजनों का विशेष योगदान रहा। विशेष रूप से प्रिंस गुरु गोस्वामी की भूमिका सराहनीय रही। वहीं शिष्य परिवार से हेमा, नरेंद्र खत्री, शालीक राम निर्मलकर, रामखेलावन, दिनेश, विनोद, जीतराम, रामचिंता, प्रेम कुमार एवं संतोष निर्मलकर ने भंडारा एवं मंच व्यवस्था में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।

शोभायात्रा की व्यवस्था में महंत पेखन दास जी साहू, महंत भगवान दास, लेखु साहू, देवी साहू, दिनेश मानिकपुरी एवं देबू सहित अन्य सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। भजन गायन में जुडावन साहू एवं व्यवस्थापक संत आत्माराम जी साहू ने भी अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री घनश्याम वर्मा, विधानसभा प्रत्याशी श्री थानेश्वर साहू, मुंगेली विधानसभा प्रत्याशी श्री संजीत बनर्जी, श्री रमेश ठाकुर, श्री मुकेश मीरी, श्रीमती उर्मिला रमेश यादव, श्री भवानी माथुर, श्री खेमलाल साहू, श्रीमती अनीता विश्वकर्मा एवं श्री श्रीनिवास ठाकुर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समूचा आयोजन श्रद्धा, भक्ति, सामाजिक एकता एवं गुरु परंपरा के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण बना। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने श्री धनी धर्मदास साहब के प्रकट उत्सव को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed