मुंगेली व्यापार मेले का आज भव्य शुभारंभ, उप मुख्यमंत्री अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि; सात दिनों तक सजेगा मनोरंजन और व्यापार का महाकुंभ,,


मुंगेली व्यापार मेले का आज भव्य शुभारंभ, उप मुख्यमंत्री अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि; सात दिनों तक सजेगा मनोरंजन और व्यापार का महाकुंभ,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- शहरवासियों के बहुप्रतीक्षित आयोजन मुंगेली व्यापार मेला 2026 का आज 27 नवंबर को भव्य एवं रंगारंग शुभारंभ होने जा रहा है। स्टार्स ऑफ टुमारो वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित 11वें मुंगेली व्यापार मेले का शुभारंभ वीर शहीद धनंजय सिंह स्टेडियम में शाम 5 बजे होगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव गरिमामय आतिथ्य प्रदान करेंगे। सात दिवसीय यह मेला 27 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगा।
मुंगेली व्यापार मेला अब केवल व्यापारिक आयोजन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि शहरवासियों के लिए एक उत्सव और आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यही वजह है कि लोग इसे मुंगेली का त्योहार भी कहने लगे हैं। मेले को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और मेला स्थल पर तैयारियों के बीच अभी से चहल-पहल देखने को मिल रही है।

इस बार नए स्वरूप में नजर आएगा मेला
स्टार्स ऑफ टुमारो के संयोजक रामपाल सिंह ने बताया कि मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष मेला स्थल को नया स्वरूप दिया गया है। मंच की थीम ‘समृद्धि छत्तीसगढ़’ रखी गई है। वहीं, मेले में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल का विस्तार भी किया गया है, ताकि दर्शकों और खरीदारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
संस्था के अध्यक्ष महावीर सिंह ने बताया कि टीम हर वर्ष लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप बेहतर आयोजन करने का प्रयास करती है। जिले की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस वर्ष भी रंगोली, समूह नृत्य, चित्रकला, मेहंदी, रंग भरो, छत्तीसगढ़ी गीत गायन, ओपन माइक, ब्राइडल मेकअप, मिस एवं मिस्टर मुंगेली, हेयर स्टाइल और छत्तीसगढ़ी व्यंजन बनाओ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
हर शाम सजेगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की महफिल
व्यापार मेले में प्रतिदिन शाम को दर्शकों के लिए मनोरंजक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सात दिनों तक अलग-अलग लोककला मंचों, कलाकारों और प्रतिभाओं की प्रस्तुतियां लोगों का मनोरंजन करेंगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों का कार्यक्रम इस प्रकार है—
- 27 नवंबर: छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध लोककला मंच अंजोर के माध्यम से गरिमा एवं स्वर्णा दिवाकर की प्रस्तुति।
- 28 नवंबर: भूपेंद्र जायसवाल के लोककला मंच सोनहा माटी की शानदार प्रस्तुति।
- 29 नवंबर: छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक समूह नृत्य की प्रस्तुति।
- 30 नवंबर: देश के सुप्रसिद्ध हास्य कवियों की मौजूदगी में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन।
- 1 दिसंबर: पायल साहू के चिन्हारी लोक मंजिरा की मनमोहक प्रस्तुति।
- 2 दिसंबर: छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक गोरेलाल बर्मन की संगीतमय प्रस्तुति।
- 3 दिसंबर: सैफ एंड सोहेल लाइव रॉक बैंड एवं ब्लिस ट्रूप कोलकाता की रंगारंग प्रस्तुति के साथ मेले का समापन।
इस बार शहर की स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए भी विशेष प्रयास किया गया है। बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां मेले के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
200 से अधिक स्टॉल, फिश टनल से लेकर फूड जोन तक होंगे आकर्षण
संस्था के सचिव विनोद यादव ने बताया कि इस वर्ष मेले में 200 से अधिक स्टॉल लगाए जा रहे हैं। विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारी और संस्थान अपने उत्पादों एवं सेवाओं के साथ मेले में शामिल हो रहे हैं। मेले में फिश टनल, ऑटोमोबाइल, फूड जोन, इलेक्ट्रिक उत्पाद, बैंकिंग, रियल एस्टेट, हैंडीक्राफ्ट, शैक्षणिक संस्थान, सौंदर्य प्रसाधन, फर्टिलाइजर्स, कृषि उपकरण, जनरल स्टोर, उद्योग उपकरण, टेराकोटा, सूती, ऊनी एवं खादी वस्त्र, हर्बल उत्पाद, बस्तर आर्ट और महिला गृह उद्योग के उत्पाद उपलब्ध रहेंगे।
इसके साथ ही बच्चों के लिए आकर्षक खिलौने और विभिन्न प्रकार के नए-नए झूले भी लगाए जा रहे हैं, जो बच्चों और परिवारों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे।
स्थानीय व्यापार और लघु उद्योगों को मिलेगा प्रोत्साहन
मुंगेली व्यापार मेले का मुख्य उद्देश्य लघु, कुटीर एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहित करना, स्थानीय उत्पादों को आम जनता तक पहुंचाना तथा व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना है। यह मेला स्थानीय व्यापारियों, उद्यमियों, महिला स्व-सहायता समूहों और छोटे व्यवसायियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं बिक्री का बेहतर अवसर प्रदान करता है।

28 नवंबर को होगी रंगोली प्रतियोगिता
व्यापार मेला 2026 के दूसरे दिन 28 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए प्रतिभागियों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए स्टार्स ऑफ टुमारो वेलफेयर सोसायटी की पूरी टीम सक्रियता से जुटी हुई है। संस्था के संयोजक रामपाल सिंह, सहसंयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, सचिव विनोद यादव, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार सहित दिनेश गोयल, सतपाल मक्कड़, गोखलेश सिंह, विकास जैन, देवेंद्र परिहार, दीपक जैन, रणवीर सिंह, श्रेणिक पारेख, नीलेश केशरवानी, आशीष सोनी, अनुराग सिंह, सूरज मंगलानी, गिरीश सुथार, मुकेश पांडेय, सुनील वाधवानी, अनीश जैन, देवशंकर श्रीवास्तव, गौरव जैन, कोमल चौबे, धीरज जैन, नागेश साहू, संदीप सिंह, पप्पू शर्मा, राहुल मल्लाह, पवन यादव, श्रेयांश बैद, आर्या सिंह, वासु पांडेय, आशीष सिंह, अजय चंद्राकर, राहुल साहू, वैभव ताम्रकार, रॉकी सलूजा, देवेंद्र गहरवार, दिलबाग सिंह, रवि साहू, चित्रकान्त सिंह, श्रीओम सिंह, रघुराज सिंह, सुरेश यादव, परमेश्वर देवांगन, संतोष जांगड़े, अमित साहू सहित संस्था के सभी सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
अब शहरवासियों को इंतजार है शाम 5 बजे का, जब उप मुख्यमंत्री अरुण साव की गरिमामय उपस्थिति में मुंगेली व्यापार मेले का भव्य आगाज होगा। व्यापार, संस्कृति, मनोरंजन और स्थानीय प्रतिभाओं का संगम बनने जा रहा यह सात दिवसीय आयोजन एक बार फिर मुंगेली को उत्सव के रंग में रंगने के लिए तैयार है।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
