November 29, 2026

मुंगेली: वनांचल गांव बिसौनी में महाष्टमी पर कन्या पूजन और कन्या भोज का आयोजन, 40 बालिकाओं का किया श्रृंगार,,

0
IMG_20261018_194528

मुंगेली: वनांचल गांव बिसौनी में महाष्टमी पर कन्या पूजन और कन्या भोज का आयोजन, 40 बालिकाओं का किया श्रृंगार,,

प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन सोसायटी की पहल, बालिकाओं के पूजन के साथ बच्चों को कराया भोजन और वितरित किए उपहार

नीलकमल सिंह ठाकुर

मुंगेली- नवरात्रि के पावन अवसर पर महाष्टमी के दिन प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन सोसायटी द्वारा वनांचल गांव बिसौनी में संचालित स्कूल में कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने करीब 40 बालिकाओं का श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजन किया और उन्हें भोजन कराया। साथ ही स्कूल के सभी बच्चों को भोजन कराने के बाद उपहार भी वितरित किए गए।

संस्था के सदस्यों ने बताया कि वनांचल क्षेत्र के दूरस्थ गांवों में रहने वाले बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना, उन्हें पोषणयुक्त एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना, बेहतर शिक्षा देना और भारतीय संस्कारों से युक्त वातावरण प्रदान करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। इसी उद्देश्य के साथ संस्था द्वारा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना का विशेष महत्व है। इसी परंपरा के तहत महाष्टमी पर छोटी-छोटी कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनका पूजन, श्रृंगार और भोजन कराया जाता है। संस्था के सदस्यों ने भी उपवास रखकर पूरे श्रद्धा-भाव से कन्या पूजन किया।

इस अवसर पर संस्था के सदस्य अजय ताम्रकार ने मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां दुर्गा हम सभी की आराध्य हैं। जब-जब भक्तों पर संकट आया है, तब-तब मां ने विभिन्न स्वरूपों में प्रकट होकर अपने भक्तों की रक्षा की और बुराई का अंत किया। इसी आस्था और विश्वास के साथ वर्ष में दो बार नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना की जाती है।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम बिसौनी की बालिकाओं का पूजन एवं श्रृंगार कर उन्हें भोजन कराया गया। वहीं गांव की सुहागिन महिलाओं को भोजन-प्रसाद वितरित करने के साथ श्रृंगार सामग्री भेंट की गई। स्कूल में पढ़ने वाले सभी नन्हे-मुन्ने बच्चों को भी भोजन कराया गया और उपहार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में संस्था के सदस्य डॉ. रूपेंश साहू अपनी पत्नी किरण साहू के साथ शामिल हुए। इसके अलावा सतपाल मक्कड़, संतोष वैष्णव, अमिताभ वैष्णव, वशिष्ठ प्रताप सिंह, संजय सिंह राजपूत, रीना सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, स्कूल स्टाफ और स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

संस्था की इस पहल के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ बच्चों में संस्कार, सेवा और सामाजिक समरसता की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed