मुंगेली: धरमपुरा उप स्वास्थ्य केंद्र के शासकीय क्वार्टर में फांसी पर लटकी मिली CHO की लाश, जांच में जुटी पुलिस,,



मुंगेली: धरमपुरा उप स्वास्थ्य केंद्र के शासकीय क्वार्टर में फांसी पर लटकी मिली CHO की लाश, जांच में जुटी पुलिस,,
28 वर्षीय सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी कमलेश्वरी साहू की मौत से क्षेत्र में सनसनी, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली/जरहागांव- मुंगेली जिले के ग्राम धरमपुरा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) कमलेश्वरी साहू (28 वर्ष) की शासकीय क्वार्टर में फांसी के फंदे पर लटकी लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही जरहागांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नौकरानी के पहुंचने पर सामने आया मामला
जरहागांव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका के पिता अर्जुन साहू (55 वर्ष), निवासी रामायण चौक, खर्रीपारा, मुंगेली ने 18 अक्टूबर को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री कमलेश्वरी साहू की लाश धरमपुरा स्थित शासकीय क्वार्टर में फांसी के फंदे पर लटकी हुई है।
बताया जा रहा है कि रविवार शाम को जब नौकरानी साफ-सफाई करने के लिए क्वार्टर पहुंची, तो अंदर से दरवाजा नहीं खोला गया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर घबराई नौकरानी ने गांव के कोटवार और अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। दरवाजा खोलकर अंदर देखने पर कमलेश्वरी की लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना की जानकारी सामने आते ही गांव में हड़कंप मच गया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेली जिला अस्पताल भेजा गया। रात होने के कारण शव को सुरक्षित मरचुरी में रखवाया गया। 19 अक्टूबर को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मौत की वजह जांच का विषय
कमलेश्वरी साहू ग्राम धरमपुरा के उप स्वास्थ्य केंद्र में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर पदस्थ थीं। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
