November 29, 2026

मुंगेली नेवासपुर में 17 वर्षीय नाबालिग की हत्या का खुलासा, प्रेम संबंध में विवाद बना वजह,,हत्या जैसे संगीन मामलो के आरोपियों को कोर्ट से मिली जमानत

0
IMG_20261022_184529

मुंगेली नेवासपुर में 17 वर्षीय नाबालिग की हत्या का खुलासा, प्रेम संबंध में विवाद बना वजह,,हत्या जैसे संगीन मामलो के आरोपियों को कोर्ट से मिली जमानत

72 घंटे के भीतर पुलिस ने सुलझाई अंधेकत्ल की गुत्थी, मुख्य आरोपी ने गला दबाकर हत्या करना कबूला; वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त

नीलकमल सिंह ठाकुर

मुंगेली- जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम नेवासपुर में 17 वर्षीय नाबालिग बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मुंगेली पुलिस ने अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर लेकर कोर्ट मे पेस किया था मगर कोर्ट मे हत्या के आरोपीयों को जमानत मिल गया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अजीत घृतलहरे ने प्रेम संबंध और बालिका के किसी अन्य युवक से बातचीत करने की शंका को लेकर उसकी गला दबाकर हत्या करना स्वीकार किया है। घटना में सहयोग करने के आरोप में उसके साथी साहिल खाण्डे को भी गिरफ्तार किया गया है।

बिस्तर पर अचेत मिली थी नाबालिग

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 की रात ग्राम नेवासपुर निवासी उत्तम मोहले को सूचना मिली कि उनकी 17 वर्षीय नातिन बिस्तर पर बेहोशी की हालत में पड़ी है और आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही है। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर बालिका को अचेत अवस्था में पाया। उसके गले पर चोट और खरोंच के निशान के साथ दाहिने हाथ और पैर में धब्बेनुमा निशान भी मिले।

सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और गवाहों के कथनों के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या का मामला पाया। इसके बाद अपराध क्रमांक 343/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

प्रेम संबंध और दूसरे युवक से बातचीत की शंका

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने आरोपियों की शीघ्र पतासाजी कर मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस को मृतिका और ग्राम लिलवाकापा निवासी अजीत घृतलहरे के बीच पूर्व में प्रेम संबंध होने तथा दोनों के बीच विवाद की जानकारी मिली। संदेह के आधार पर पुलिस ने अजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि वर्ष 2021 से उसका मृतिका के साथ प्रेम संबंध था और दोनों परिवारों के बीच बालिग होने पर विवाह को लेकर चर्चा भी हुई थी।

पुलिस के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले मृतिका के किसी अन्य युवक से बातचीत करने की जानकारी मिलने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।

दीवार फांदकर घर में घुसा, गला दबाकर की हत्या

पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर 2026 को हैदराबाद से गांव लौटने के बाद अजीत ने अपने साथी साहिल खाण्डे को मृतिका के किसी अन्य युवक के संपर्क में होने की बात बताई। इसके बाद 19 अक्टूबर की रात दोनों मोटरसाइकिल से ग्राम नेवासपुर पहुंचे।

पुलिस की जांच के अनुसार, अजीत ने साहिल को कुछ दूरी पर निगरानी करने के लिए भेज दिया और खुद घर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया। वहां मृतिका को फोन पर बातचीत करते देखकर उसने विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई और वे निर्माणाधीन कमरे में गिर गए। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर दोनों हाथों से बालिका का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद आरोपी ने शव को दूसरे कमरे में बिस्तर पर लिटा दिया, ताकि मौत सामान्य प्रतीत हो। इसके बाद उसने अपने साथी साहिल को घटना की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, दोनों बाद में कवर्धा क्षेत्र में देवी दर्शन के लिए गए और रात करीब 2:30 बजे वापस लौटकर सो गए।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बालिका की मृत्यु गला घोंटने और दम घुटने से होना बताया गया है। पूछताछ में मुख्य आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने तथा जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उसके साथी साहिल खाण्डे को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, साहिल ने घटना के दौरान सहयोग करने की बात स्वीकार की है।

विवेचना के दौरान साक्ष्य छिपाने से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धारा 238 और धारा 3(5) भी प्रकरण में जोड़ी गई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त होंडा लियो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 J 7143 जब्त कर ली है।

दोनों आरोपीयों को मिली जमानत

पुलिस ने मामले में अजीत घृतलहरे (22 वर्ष), पिता शिवकुमार, और साहिल खाण्डे (20 वर्ष), पिता दिलीप, दोनों निवासी ग्राम लिलवाकापा, थाना सिटी कोतवाली, जिला मुंगेली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर कोर्ट मे पेश किया जहाँ जज ने दोनों हत्त्या जैसे संगीन मामले के आरोपियों को जमानत दे दिया गया, कोर्ट के फैसले पर उठ रही सवाल ??

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी, प्रभारी साइबर सेल, प्रधान आरक्षक, सहायक उपनिरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मुंगेली पुलिस के अनुसार, मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 72 घंटे के भीतर आरोपियों तक पहुंचकर अंधेकत्ल का खुलासा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed