November 29, 2026

सम्मान और प्रशंसा की अपेक्षा से मुक्त होकर सेवा का संकल्प, प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन ने लिया बड़ा निर्णय,,

0
IMG-20261126-WA0013

सम्मान और प्रशंसा की अपेक्षा से मुक्त होकर सेवा का संकल्प, प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन ने लिया बड़ा निर्णय,,

नीलकमल सिंह ठाकुर

मुंगेली- समाजसेवा को सम्मान और पुरस्कार से ऊपर रखते हुए प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन ने एक प्रेरणादायक निर्णय लिया है। संस्था की पूरी टीम ने अब किसी भी सम्मान समारोह में शामिल नहीं होने तथा सेवा कार्यों के बदले मिलने वाले प्रशस्ति पत्र, पुरस्कार और सार्वजनिक अभिनंदन स्वीकार नहीं करने का संकल्प लिया है। संस्था का कहना है कि जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है।

संस्था की टीम ने आत्ममंथन के बाद यह निर्णय लिया है। टीम का मानना है कि लंबे समय से वे अपने सेवा कार्यों को निःस्वार्थ सेवा बताते रहे हैं, लेकिन कहीं न कहीं मन में अपने कार्यों के लिए प्रशंसा और सम्मान पाने की इच्छा भी रहती थी। इसी भावना पर विचार करते हुए टीम ने महसूस किया कि यदि सेवा वास्तव में निःस्वार्थ है, तो उसके बदले किसी सम्मान, पुरस्कार या प्रशंसा की अपेक्षा रखना उचित नहीं है।

दो सम्मान समारोहों के आमंत्रण भी विनम्रतापूर्वक ठुकराए

संस्था ने इस निर्णय को सार्वजनिक करने की वजह बताते हुए कहा कि पिछले एक सप्ताह के भीतर दो अलग-अलग स्थानों से सम्मान समारोह में शामिल होने के आमंत्रण प्राप्त हुए थे। टीम ने दोनों आमंत्रणों को विनम्रतापूर्वक अस्वीकार कर दिया। संस्था ने स्वीकार किया कि सम्मान के आमंत्रण को ठुकराना आसान नहीं था, क्योंकि आयोजकों और शुभचिंतकों की भावनाएं संस्था के प्रति स्नेह और अपनत्व से जुड़ी हुई हैं।

संस्था ने सभी आयोजकों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आग्रह किया है कि भविष्य में सम्मान, अभिनंदन और प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने वालों की सूची में संस्था का नाम शामिल न किया जाए।

जरूरतमंदों की मुस्कान ही सबसे बड़ा सम्मान

प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन का कहना है कि किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना, किसी बच्चे के हाथों में किताब पहुंचाना, किसी पीड़ित को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना और किसी असहाय व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।

संस्था ने अपने संकल्प को इन शब्दों में व्यक्त किया, “सम्मान पाने की अपेक्षा नहीं, बल्कि किसी के जीवन में सम्मान और मुस्कान का कारण बनना ही हमारा उद्देश्य है।”

संस्था ने स्पष्ट किया कि सम्मान समारोहों से दूरी बनाने का अर्थ समाजसेवा से दूरी बनाना नहीं है। जिले के लोगों, जरूरतमंद परिवारों और समाज के लिए सेवा कार्य पहले की तरह निरंतर जारी रहेंगे। टीम का उद्देश्य बिना किसी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा, पुरस्कार या प्रशंसा की अपेक्षा के जरूरतमंदों की सहायता करना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।

प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन का यह निर्णय समाजसेवा के क्षेत्र में एक सार्थक संदेश देता है कि सेवा की वास्तविक पहचान मंच पर मिलने वाले सम्मान से नहीं, बल्कि उससे बदलने वाली जिंदगियों और खिलने वाली मुस्कान से होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed