मुंगेली: निर्माणाधीन पुल पर युवक की मौत का मामला, परिजनों ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल; हत्या की जताई आशंका,,

मुंगेली: निर्माणाधीन पुल पर युवक की मौत का मामला, परिजनों ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल; हत्या की जताई आशंका,,
दो महीने बाद भी मौत की वजह स्पष्ट नहीं, पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर अंतिम निष्कर्ष का इंतजार,,
नीलकमल सिंह ठाकुर
मुंगेली- जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरटापू-मोतिनपुर में निर्माणाधीन पुल पर युवक द्वारा फांसी लगाकर जान देने के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। घटना के करीब दो महीने बाद भी मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने पर मृतक के परिजनों ने पुलिस की जांच पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का दावा है कि मामला आत्महत्या का नहीं, बल्कि हत्या का हो सकता है। उन्होंने युवक के साथ आखिरी समय में मौजूद रहे तीन युवकों पर भी संदेह जताया है।

मिली जानकारी के अनुसार, टेढ़ाधौरा निवासी पीयूष सिंह उम्र 23 साल जो की कांति कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार के अधीन निर्माणाधीन पुल पर चौकीदार के रूप में काम करता था। बीते 20 अगस्त को उसका शव निर्माण स्थल पर फांसी के फंदे पर लटका मिला था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, लेकिन अब तक मौत के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

शव की स्थिति देखकर परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के परिजनों का कहना है कि घटनास्थल पर शव जिस स्थिति में मिला था, उसे देखकर उन्हें आत्महत्या की आशंका नहीं, बल्कि हत्या का संदेह है। परिजनों ने जांच के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने कथित तौर पर पर्याप्त गंभीरता से जांच नहीं की। उन्होंने इस मामले में पुलिस को चार पन्नों का दस्तावेज सौंपा है, जिसमें उन बिंदुओं का उल्लेख किया गया है, जिनके आधार पर वे पीयूष की हत्या की आशंका जता रहे हैं।
परिजनों ने पीयूष के साथ आखिरी समय में मौजूद रहे तीन युवकों पर भी संदेह जाहिर किया है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की गई है।

पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद भी अंतिम निष्कर्ष का इंतजार
परिजनों के मुताबिक, पोस्टमार्टम के दौरान भी मौत की वजह को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी थी। इसके बाद पुलिस ने जांच के लिए बिसरा सुरक्षित कर भेजा था। अब बिसरा रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम से संबंधित दस्तावेजों को चिकित्सक के पास भेजा गया है, ताकि मौत के कारणों पर अंतिम राय प्राप्त की जा सके।

SDOP बोले- अंतिम रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
इस मामले में मुंगेली एसडीओपी आशीष अरोड़ा ने बताया कि जिला अस्पताल के चिकित्सक को संबंधित सभी रिपोर्ट भेज दी गई हैं। एक-दो दिन में चिकित्सक की अंतिम रिपोर्ट आने की उम्मीद है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पीयूष सिंह की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, यह जांच का विषय है। अब सभी की नजर चिकित्सक की अंतिम रिपोर्ट और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

The News Related To The News Engaged In The Cg Samachar News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
